Explore

Search

July 27, 2026 1:55 am

तरवारा : CSP संचालक से लूटकांड का खुलासा, तीन गिरफ्तार

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

चार दिनों में पुलिस ने सुलझाया मामला, हथियार व नगद बरामद


• 2.50 लाख की लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा
• तीन बदमाश गिरफ्तार, हथियार व नकदी बरामद
• एक पिस्टल, दो गोली, बाइक व ₹1.09 लाख जब्त
• एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम ने की कार्रवाई


जीबी नगर थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक से हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बहादुरपुर उसूरी निवासी प्रेम कुमार, चौकी हसन निवासी आशु कुमार तथा धमेंद्र कुमार उर्फ बाबा के रूप में की गई है।
पुलिस ने इनके पास से एक पिस्टल, दो जिंदा गोली, एक मोटरसाइकिल और लूट की राशि में से ₹1,09,000 बरामद किए हैं। पूछताछ के बाद तीनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने समाहरणालय स्थित कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि 15 अप्रैल को जीबी नगर थाना क्षेत्र के भेलपुर गांव के समीप सीएसपी संचालक विकास कुमार सिंह उर्फ सिकू सिंह से तीन अज्ञात बदमाशों ने हथियार के बल पर ₹2.50 लाख की लूट की थी। इस मामले में वादी के आवेदन पर बीएनएस की धारा 309 (4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
उन्होंने बताया कि एसडीपीओ सदर वन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह व जिला आसूचना इकाई की टीम शामिल थी। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और आसूचना संकलन के आधार पर अभियुक्तों की पहचान की गई और सबसे पहले प्रेम कुमार को गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद उसकी निशानदेही पर आशु कुमार और धमेंद्र कुमार को लूट की राशि और प्रयुक्त बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधि सम्मत कार्रवाई जारी है।
एसपी ने बताया कि इस सफल कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम—थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, पुअनि दुर्गा कुमारी, सिपाही शिवशंकर उरांव, बीएमपी के निर्मल कुमार, चंदन कुमार, धनंजय कुमार एवं जिला आसूचना इकाई—को पुरस्कृत किया जाएगा।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर