Explore

Search

April 20, 2026 6:51 pm

तरवारा : शादी समारोह में खून-खराबा, चाकू हमले में महिला की मौत

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ


• शादी समारोह में उपहार को लेकर विवाद बढ़ा
• युवक ने संबंधियों पर चाकू से किया हमला
• एक महिला की मौत, पांच लोग घायल
• एसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा, जांच जारी


सिवान जिले के जी.बी. नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ओलीपुर में शादी समारोह के दौरान हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 को सूचना मिली कि युवक दीपक कुमार सिंह अपनी शादी के दौरान लड़की पक्ष को उपहार स्वरूप ज्वेलरी देने को लेकर अपने ही संबंधियों के साथ विवाद में उलझ गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने अपने ही परिजनों पर चाकू से हमला कर दिया।


इस घटना में एक महिला (बुआ) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही जी.बी. नगर थाना पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सिवान भेज दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, सिवान स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का निरीक्षण किया। इसके बाद अस्पताल जाकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया तथा मामले के शीघ्र उद्भेदन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फिलहाल घटनास्थल की जांच एफएसएल टीम द्वारा की जा रही है। वहीं जी.बी. नगर थाना पुलिस ने फर्द बयान दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।
सिवान पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि किसी भी विवाद को हिंसक रूप न दें और समस्या के समाधान के लिए नजदीकी थाना या पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9031683607 अथवा डायल-112 पर संपर्क करें।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर