Explore

Search

April 19, 2026 8:00 am

मैरवा में अनियमितता के कारण सात निजी अस्पतालों से मांगा गया स्पष्टीकरण, 15 दिन में देना होगा जवाब

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ


  • 15 दिनों में डीएम कोर्ट में उपस्थित होकर देना होगा जवाब
  • मैरवा में सात निजी स्वास्थ्य संस्थानों पर कार्रवाई
    अनियमितता के आरोप में पहले ही किया जा चुका है सील
  • डीएम ने 15 दिनों में जवाब तलब किया
  • दस्तावेजों की जांच के बाद होगा अंतिम निर्णय

मैरवा थाना क्षेत्र में संचालित हो रहे सात निजी चिकित्सालय व पैथालाजी-अल्ट्रासाउंड के संचालकों से स्पष्टीकरण पूछा गया है। साथ हीं वांछित सभी दस्तावेजों, अभिलेखों, कागजातों के साथ 15 दिनों के भीतर जिला दंडाधिकारी के न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने को कहा गया है। जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने कहा है कि समर्पित किए गए आवश्यक कागजातों-अभिलेखों के अवलोकन के उपरांत यह निर्णय लिया जाएगा कि संस्थान को सील बंद रखा जाएगा या फिर नहीं।

डीएम ने बताया है कि विगत 13 अप्रैल को निर्गत आदेश के आलोक में विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से साईं चिकित्सालय, मां बैष्णों हास्पिटल, सुरक्षा पैथालाजी सेंटर, सुगांति राज हास्पिटल, मां निशा हास्पिटल, स्टार साइन हास्पिटल तथा कृष्णा सिटी स्कैन एवं अल्ट्रासाउड केंद्र को सील कर दिया गया था। साथ हीं इस संबंध में सदर अनुुमंडल पदाधिकारी आशुतोष गुप्ता द्वारा जांच प्रतिवेदन समर्पित किया गया था।

डीएम ने कहा है कि मांगे गए दस्तावेज या अभिलेख सील संस्थान के अंदर हो तो 24 घंटे पूर्व मैरवा अंचलाधिकारी व थानाध्यक्ष के माध्यम से परिसर को पुन: खुलवाने हेतु अनुरोध पत्र समर्पित करेंगे और संस्थान के खुलने से लेकर वापस सील होने तक का अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी कराया जाएगा।


इन आवश्यक दस्तावेजों की मूल व सच्ची प्रतिलिपि के साथ उपस्थित होने का निर्देश :

संस्थान वैध रूप से संचालित हो रहा है, अथवा नहीं, इसके लिए आवश्यक 15 प्रकार के दस्तावेजों की मूल प्रति एवं सच्ची प्रतिलिपि के साथ उपस्थित होने का निर्देश संचालकों को दिया गया है। इसमें संस्थान में कार्यरत सभी चिकित्सकों का बीएमआरसी निबंधन प्रमाण पत्र, संस्थान में कार्यरत चिकित्सकों की डिग्री प्रमाण पत्र, संस्थान में कार्यरत चिकित्सकों का नियुक़्ति प्रमाण पत्र एवं अनुबंध पत्र, जो अस्पताल के साथ किया गया है, समर्पित करने को कहा गया है। वहीं अस्पताल के चिकित्सकों एवं कर्मियों का वेतन/मानदेय की पर्ची (बैंक विवरणी सहित), अस्पताल के आय-व्यय का ब्योरा, अस्पताल में कार्यरत सभी चिकित्सकों एवं नर्सिंग/पारा मेडिकल कर्मियों की सूची एवं उनका पुलिस सत्यापन प्रमाण-पत्र, अस्पताल में कार्यरत नर्सिंग/ पारा मेडिकल कर्मियों की डिग्री एवं निबंधन प्रमाण-पत्र, सभी चिकित्सकों एवं नर्सिंग/ पारा मेडिकल कर्मियों का विगत छह माह का उपस्थिति विवरणी, संस्थान के अंतर्गत यदि दवा दुकान संचालित किया जाता है तो औषधि अनुज्ञप्ति की प्रति, यदि किसी स्वास्थ्य बीमा प्रदाता के साथ अनुबंध है तो अनुबंध की प्रति उपलब्ध कराने का नरिर्देश दिया गया है। इसके अलावा संस्थान का स्वीकृत भवन योजना/ किरायानामा की प्रति, निदेशक सह राज्य अग्निशमन मदाधिकारी, पटना द्वारा निर्गत अग्नि सुरक्षा अनापति प्रमाण-पत्र, जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन हेतु अधिकृत एजेंसी के साथ अनुबंध प्रमाण-पत्र एवं अद्यतन भुगतान रसीद सहित, बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण परिषद्, पटना द्वारा निर्गत प्रदूषण प्रमाण-पत्र तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा प्रदाता रजिस्ट्री पोर्टल या स्वास्थ्य सुविधा रजिस्ट्री से संबंधित प्रमाण-पत्र की प्रति उपलब्ध कराने को कहा गया है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर