✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
- परीक्षा सारणी में भ्रम से छूटी परीक्षा, छात्रों में आक्रोश
- सीबीसीएस फर्स्ट सेमेस्टर की तीसरे दिन की परीक्षा छूटी
- डीएवी कॉलेज समेत कई केंद्रों पर छात्रों ने किया विरोध
- पुनः परीक्षा कराने की मांग पर अड़े परीक्षार्थी
- विश्वविद्यालय प्रशासन ने निर्णय के लिए बैठक का संकेत दिया
सिवान : परीक्षा सारणी को लेकर हुए भ्रम के कारण शुक्रवार को आयोजित सीबीसीएस सत्र 2025-29 के फर्स्ट सेमेस्टर की तीसरे दिन की परीक्षा कई छात्रों से छूट गई। इसको लेकर शनिवार को आक्रोशित परीक्षार्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया।
शहर के डीएवी कॉलेज, जेडए इस्लामिया कॉलेज तथा दारोगा प्रसाद राय महाविद्यालय परीक्षा केंद्रों पर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए छूटी हुई परीक्षा को पुनः आयोजित कराने की मांग उठाई। छात्रों का कहना था कि परीक्षा कार्यक्रम को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से वे समय पर परीक्षा में शामिल नहीं हो सके।

वहीं, इस पूरे मामले पर जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के परीक्षा नियंत्रक की ओर से जानकारी दी गई है कि ऐसे परीक्षार्थी जो परीक्षा सारणी को लेकर भ्रमित होने के कारण अनुपस्थित रहे हैं, उनके संबंध में कुलपति द्वारा परीक्षा मंडल की बैठक में छात्रहित में उचित निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद आगे की सूचना जारी की जाएगी।
साथ ही सभी परीक्षार्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे आगामी परीक्षाओं में परीक्षा सारणी के अनुसार निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित हों।

