Explore

Search

April 16, 2026 2:39 am

मैरवा : उपविजेता बन लौटी सिवान महिला टीम का भव्य स्वागत, खिलाड़ियों का हौसला बुलंद

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

  •  मैरवा रेलवे स्टेशन पर महिला फुटबॉल टीम का जोरदार स्वागत
  • 12वीं बिहार राज्य चैंपियनशिप में सिवान टीम बनी उपविजेता
  • फाइनल में मुजफ्फरपुर से टाई-ब्रेकर में 2-0 से हार
  • खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खेल प्रेमियों ने दी बधाई

मैरवा (सिवान): 12वीं बिहार राज्य सीनियर महिला फुटबॉल चैंपियनशिप में उपविजेता बनकर लौटी सिवान महिला फुटबॉल टीम का मैरवा रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों के आगमन पर रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी के संस्थापक संजय पाठक ने मौर्य एक्सप्रेस से उतरते ही फूल-मालाओं, अंगवस्त्र और मिठाई के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया।
संजय पाठक ने बताया कि सिवान की महिला टीम पूरे टूर्नामेंट में बेहद सशक्त प्रदर्शन करती रही, लेकिन फाइनल मुकाबले में मुजफ्फरपुर से टाई-ब्रेकर में 2-0 से हारकर उपविजेता बनना पड़ा। उन्होंने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन खिलाड़ियों का जज्बा और प्रदर्शन सराहनीय रहा।
जानकारी के अनुसार यह चैंपियनशिप लखीसराय में 31 मार्च 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक आयोजित हुई। सिवान टीम ने प्री-क्वार्टर फाइनल में जमुई को 5-0 से, क्वार्टर फाइनल में पूर्णिया को 7-0 से तथा सेमीफाइनल में पश्चिमी चंपारण को 1-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
14 अप्रैल को फ्लड लाइट में खेले गए फाइनल मुकाबले में दोनों टीमें निर्धारित समय और अतिरिक्त समय में कोई गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद टाई-ब्रेकर में मुजफ्फरपुर की टीम ने 2-0 से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
संजय पाठक ने बताया कि इससे पहले भी सिवान टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। वर्ष 2015 में बक्सर में आयोजित चैंपियनशिप में टीम उपविजेता रही थी, जबकि 2016 में बेगूसराय में आयोजित राज्य चैंपियनशिप में सिवान ने खिताब जीतकर इतिहास रचा था।
टीम के उपविजेता बनकर लौटने पर जिला फुटबॉल संघ के उमाशंकर प्रसाद, सहंतजी, मुन्ना खान, सचिव मखदूम खान, धर्मनाथ यादव, आईएमए सिवान के सचिव डॉ. शरद चौधरी, अध्यक्ष डॉ. शशि भूषण सिन्हा, डॉ. राजन कल्याण सिंह, डॉ. रीता सिन्हा, डॉ. संगीता चौधरी, डॉ. अलख निरंजन पांडेय, निदेशक राजीव लोचन मिश्रा, मुख्य संरक्षक डॉ. आर.एन. ओझा समेत कई खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर