✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
- कचहरी ढाला (रेल गुमटी) पर रोड ओवर ब्रिज को स्वीकृति
- मंगल पांडेय ने इसे बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
- जाम और रेल फाटक की समस्या से मिलेगी राहत
- बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
सिवान: बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री एवं सिवान के विधायक मंगल पांडेय ने सिवान सदर विधानसभा क्षेत्र के कचहरी ढाला (रेल गुमटी) पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण की स्वीकृति मिलने पर खुशी जताई है। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि यह लंबे समय से स्थानीय लोगों की प्रमुख मांग रही है, जो अब पूरी होने जा रही है।
मंगल पांडेय ने कहा कि यह परियोजना ‘विकसित सिवान’ और ‘विकसित बिहार’ के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे सिवान के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और शहर के विकास को नई गति प्राप्त होगी।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और सक्रिय सहयोग से ही इस तरह की जनहितकारी योजनाएं जमीन पर उतर रही हैं।
कचहरी ढाला, जो सिवान जंक्शन के समीप स्थित है, लंबे समय से जाम और रेलवे फाटक के कारण लोगों की परेशानी का केंद्र बना हुआ था। रोजाना यहां लगने वाले जाम से आम लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। अब आरओबी के निर्माण से यातायात व्यवस्था सुगम होगी और शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच आवागमन आसान हो जाएगा।
मंगल पांडेय ने कहा कि इस ओवर ब्रिज के बनने से एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी निर्बाध मार्ग मिलेगा, जिससे समय पर सहायता पहुंचाना संभव हो सकेगा। इसके साथ ही बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना सिवान को एक आधुनिक और विकसित शहर के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और आने वाले समय में यहां के लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएगी।

