✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
- जेपी चौक से गोपालगंज मोड़ तक निकाली गई पदयात्रा
- आंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
- नेताओं ने बाबा साहब के विचारों को बताया प्रासंगिक
- बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की रही भागीदारी
सिवान: भारतीय जनता पार्टी द्वारा मंगलवार को शहर में भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा जेपी चौक से शुरू होकर गोपालगंज मोड़ तक निकाली गई, जिसका नेतृत्व जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने किया।
पदयात्रा के समापन पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने गोपालगंज मोड़ स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष, समानता और न्याय का प्रतीक है। उन्होंने समाज के हर वर्ग को अधिकार दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। भाजपा उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
गोरयाकोठी विधायक देवेशकांत सिंह ने कहा कि बाबा साहब द्वारा निर्मित संविधान देश की सबसे बड़ी ताकत है और उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार उनके सपनों को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा कि बाबा साहब का योगदान भारतीय समाज के लिए अमूल्य है। उन्होंने वंचित और शोषित वर्गों को मुख्यधारा में लाने का ऐतिहासिक कार्य किया। भाजपा उनके आदर्शों को अपनाते हुए समाज में समरसता और विकास का वातावरण तैयार कर रही है।
इस पदयात्रा में पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो. अभिमन्यु कुमार सिंह, धनंजय सिंह, सुशीला देवी, मुकेश कुमार बंटी, चंद्रविजय प्रकाश यादव उर्फ हैप्पी यादव, सत्यम सिंह सोनू, देवेंद्र गुप्ता, अनुराधा गुप्ता, राजेश श्रीवास्तव, किरण गुप्ता, भाजपा मीडिया प्रभारी आदित्य कुमार पाठक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल रहे।

