✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
- एसपी पूरन कुमार झा की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित
- हत्या, आर्म्स एक्ट जैसे मामलों में स्पीडी ट्रायल पर जोर
- फरार व सक्रिय अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
- उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को किया गया सम्मानित
सिवान: जिला समाहरणालय सभागार में शनिवार की देर शाम पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी वरीय पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एसपी ने हत्या, आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर कांडों में स्पीडी ट्रायल चलाकर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराधियों को जल्द सजा दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी थानाध्यक्षों को सक्रिय अपराधियों, जेल से छूटे बदमाशों एवं फरार आरोपियों की सूची अद्यतन करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

जिले में विशेष अभियान चलाकर वारंट, सम्मन एवं कुर्की के निष्पादन पर भी जोर दिया गया। साथ ही अपराध के मुख्य मामलों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। एसपी ने शरारती तत्वों को चिन्हित कर बीएनएसएस की धारा 126/129/132/135 एवं सीसीए 3/12 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करने का आदेश दिया।
उन्होंने बीएनएसएस की धारा 107 के तहत अपराध से अर्जित संपत्ति जब्ती की कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया। इआरएसएस के तहत कंट्रोल रूम से प्राप्त शिकायतों पर 15 मिनट के भीतर प्रतिक्रिया देने को कहा गया। साथ ही थानों में आने वाले लोगों के साथ नम्र एवं शालीन व्यवहार करने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर बल दिया गया।
एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, लगातार गश्ती करने एवं सघन वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। अवैध शराब के विनष्टिकरण और शराब माफियाओं की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने को भी कहा गया।
बैठक में बसंतपुर थानाध्यक्ष राजू कुमार को इस माह का सर्वश्रेष्ठ थानेदार घोषित किया गया। वहीं 10 से अधिक कांडों का अनुसंधान पूर्ण करने वाले पांच पुलिस पदाधिकारियों—सराय थाना की पुअनि सोनी कुमारी, गोरेयाकोठी थाना की पुअनि सविता कुमारी, नगर थाना के पुअनि निरंजन कुमार, पुअनि अमित कुमार एवं जामोबाजार थाना के पुसअनि पप्पू कुमार यादव—को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), पुलिस उपाधीक्षक (साइबर), पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), अंचल पुलिस निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष मौजूद रहे।

