Explore

Search

June 27, 2026 11:45 pm

तरवारा: चाचा-भतीजा की सड़क हादसे में मौत, शव पहुंचते ही मचा कोहराम

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

एकमा में बोलेरो की टक्कर से हादसा, गांव में पसरा मातम

  • मोहम्मदपुर पट्टी के दो युवकों की दर्दनाक मौत
  • बाइक में बोलेरो की टक्कर से दोनों की मौके पर ही मौत
  • पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा शव, मचा कोहराम
  • एक साथ उठी दोनों की अर्थी, नम आंखों से दी विदाई

तरवारा (सिवान): जीबी नगर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर पट्टी गांव निवासी चाचा-भतीजा की सड़क दुर्घटना में गुरुवार को दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान स्वर्गीय फुलेना महतो के 35 वर्षीय पुत्र मनु महतो और मोतीलाल महतो के 30 वर्षीय पुत्र पंकज महतो के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि दोनों चाचा-भतीजा बाइक से मनु महतो की भतीजी के ससुराल एकमा गांव सामान देने जा रहे थे। जैसे ही वे एकमा पहुंचे, पीछे से आ रही अनियंत्रित बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।


घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची एकमा पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया।
हादसे की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचे, परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। मनु महतो की पत्नी सुगांती देवी और उनकी 6 वर्षीय पुत्री दीपा कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पंकज महतो के घर में भी माता राजकली देवी, पिता मोतीलाल महतो सहित परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
ग्रामीणों के अनुसार, मनु महतो बाहर रहकर मजदूरी करते थे और करीब एक माह पूर्व ही घर आए थे। दोनों चाचा-भतीजा एक साथ रहते थे और गांव में मिलनसार व मददगार स्वभाव के लिए जाने जाते थे।
सामाजिक कार्यकर्ता नितेश यादव ने बताया कि दोनों की अंतिम विदाई भी एक साथ ही दी गई। दोनों की अर्थी एक साथ उठी और एक ही श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिससे पूरे गांव में गमगीन माहौल बना रहा।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर