Explore

Search

April 9, 2026 3:49 am

दरौंदा : 1.20 करोड़ का खाद्यान्न गायब, चावल-गेहूं स्टॉक में भारी गड़बड़ी, पीडब्ल्यूएस गोदाम जांच में बड़ा खुलासा

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

कोल्हूआ गोदाम में करोड़ों का खाद्यान्न गायब, जांच में सामने आई अनियमितताएं

  • जांच में करीब 1.20 करोड़ रुपये का खाद्यान्न गायब मिला
  • गेहूं और चावल के स्टॉक में हजारों बैग का अंतर
  • रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में भारी विसंगति उजागर
  • विभाग ने कार्रवाई और मुकदमे की चेतावनी दी

दरौंदा प्रखंड के कोल्हूआ स्थित पीडब्ल्यूएस गोदाम से खाद्यान्न गबन का गंभीर मामला सामने आया है। जांच के दौरान करीब एक करोड़ 20 लाख 9 हजार 2 रुपये मूल्य के गेहूं और चावल के गायब होने की पुष्टि हुई है।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, स्टॉक मिलान के दौरान भारी अनियमितताएं पाई गईं। गेहूं के मामले में 8788 बैग उपलब्ध कराए गए थे, लेकिन वितरण के बाद 2638 बैग यानी 1273.91 क्विंटल का कोई स्पष्ट हिसाब नहीं मिला। इसी प्रकार, चावल के मामले में 10430 बैग में से 4043 बैग यानी 1987.29 क्विंटल का अंतर पाया गया।
गोदाम प्रबंधक ने सफाई देते हुए कहा कि कर्मचारियों से गलती से अधिक उठाव हो गया, लेकिन इस दावे के समर्थन में कोई ठोस दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
जांच रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ है कि गोदाम संचालन में निर्धारित मानकों का गंभीर उल्लंघन किया गया और खाद्यान्न के दुरुपयोग की आशंका है। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो संबंधित गोदाम मालिक के खिलाफ एमटीएफ के तहत कार्रवाई के साथ सिविल एवं आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
मासिक स्टॉक विवरण और विभागीय रिकॉर्ड के बीच भी बड़ा अंतर सामने आया है। इसके बाद हाजीपुर मंडल स्तर से गठित जांच समिति ने मौके पर पहुंचकर विस्तृत जांच की। रिपोर्ट में पाया गया कि गोदाम कर्मियों ने मानक प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया। खाद्यान्न निर्गत के दौरान आवश्यक दस्तावेजों का सही संधारण नहीं हुआ और श्रमिकों के कार्य का कोई वर्क स्लिप भी जारी नहीं किया गया।
सबसे गंभीर तथ्य यह सामने आया कि धर्मकांटा सिस्टम डीओएस से जुड़ा होने के बावजूद कई बार ऑफलाइन मोड में तौल दिखाया गया। कुछ ट्रकों को बिना उचित प्रक्रिया के खाद्यान्न जारी किया गया और बाद में उसे अन्य लेन-देन के तहत समायोजित करने की कोशिश की गई। कई मामलों में गेट पास भी खाली पाए गए, जो पूरे मामले को और संदिग्ध बनाता है।
सभी आरोप गलत : गोदाम मालिक
गोदाम मालिक बिंदु देवी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा भेजे गए नोटिस का विधिवत जवाब दिया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि हथालन एवं परिवहन अभिकर्ता पीडब्ल्यूएस दरौंदा की ओर से कई बार कम वजन का खाद्यान्न दिया गया है, जिसकी शिकायत भारतीय खाद्य निगम से भी की जा चुकी है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर