Explore

Search

August 5, 2026 10:29 am

भगवानपुर गोली कांड का पुलिस ने किया उद्भेदन, पिस्तौल बरामद

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

सुनसान जगह पर हो रही थी पिस्टल की खरीद-बिक्री, जांच के दौरान चली गोली

  • पिस्टल की जांच के दौरान चली गोली, युवक हुआ घायल
  • 12 घंटे के भीतर पुलिस ने कांड का किया उद्भेदन
  • एक आरोपी गिरफ्तार, एक घायल, एक का इलाज जारी
  • पिस्टल, दो गोली, मैगजीन और मोबाइल बरामद

भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के बहियारा चंवर के समीप बेचिरागी मिर्जापुर गांव के पास मंगलवार की शाम गोली लगने से एक युवक के घायल होने के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उद्भेदन कर दिया है। महाराजगंज एसडीपीओ के निर्देश पर थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ इस कांड का खुलासा किया।
बुधवार को भगवानपुर हाट थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ अमन ने बताया कि सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र के सरैया रत्नगर निवासी पवन कुमार और दीपक कुमार एक बाइक से पिस्टल बेचने पहुंचे थे। पिस्टल की खरीद-बिक्री के लिए बेचिरागी मिर्जापुर गांव के पास एक सुनसान स्थान चुना गया था, जहां भगवानपुर गांव का रंजन कुमार खरीदारी के लिए पहुंचा था।
पुलिस के अनुसार, पिस्टल की जांच के दौरान दीपक कुमार के हाथ से अचानक गोली चल गई, जो पवन कुमार को जा लगी। घटना के बाद रंजन कुमार पिस्टल लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि दीपक कुमार घायल पवन को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। वहां से स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां से आगे पीएमसीएच भेजा गया।
एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले में कुल तीन आरोपी हैं। इनमें पवन कुमार का पीएमसीएच में इलाज चल रहा है। दीपक कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने रंजन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। रंजन कुमार के पास से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस (7.65 एमएम), एक मैगजीन और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
उन्होंने बताया कि महज 12 घंटे के भीतर इस कांड का सफल उद्भेदन करने वाली टीम को पुरस्कृत किया जाएगा। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह, एसआई सुनील कुमार, पीएसआई छपित कुमार चौबे, पीएसआई पूजा कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर