Explore

Search

April 8, 2026 3:49 am

भगवानपुर हाट : बहियारा चंवर में युवक को बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर—सदर अस्पताल रेफर

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

भगवानपुर हाट क्षेत्र में सनसनी, घटना स्थल को लेकर पुलिस को संदेह, जांच तेज

  • बहियारा चंवर में युवक को गोली मारकर किया गया घायल
  • सीने के आरपार लगी गोली, हालत गंभीर, सदर अस्पताल रेफर
  • घटनास्थल को लेकर पुलिस को संदेह, दूसरे स्थान पर वारदात की आशंका
  • घायल के साथी और आपराधिक इतिहास की जांच में जुटी पुलिस

सिवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र अंतर्गत बेचिरागी गांव (मिर्जापुर) स्थित बहियारा चंवर में मंगलवार की शाम एक युवक को बदमाशों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र के सरेया रत्नाकर निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से फर्नीचर व्यवसायी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, घायलावस्था में उसके साथी दीपक कुमार उसे बाइक से भगवानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, गोली युवक के सीने के आरपार हो गई है, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह, पीएसआई छपित कुमार चौबे और एसआई सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, महाराजगंज एसडीपीओ अमन ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर किसी ने गोली चलने की आवाज सुनने की पुष्टि नहीं की। घटनास्थल से कोई खोखा या जिंदा कारतूस भी बरामद नहीं हुआ है, केवल खून के कुछ निशान मिले हैं। इससे पुलिस को संदेह है कि घटना कहीं और अंजाम दी गई और घायल युवक को यहां लाया गया।
मामले की जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है कि घायल युवक का साथी दीपक कुमार एक दिन पहले ही छपरा जेल से जमानत पर रिहा हुआ था। वह इसुआपुर थाना क्षेत्र के आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल गया था।
पुलिस ने सोंधानी गांव के तेलिया इनार के पास एक संदिग्ध बाइक भी बरामद की है, जिसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस घायल युवक और उसके साथी के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और पूरे मामले के सभी पहलुओं पर गहन जांच जारी है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर