Explore

Search

May 5, 2026 10:12 pm

हसनपुरा : कृषि विभाग की महिला कर्मचारी ने की आत्महत्या

✒️ स्वराज सिंह

लक्ष्मीपुर स्थित किराए के मकान में फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

  • हसनपुरा प्रखंड में कार्यरत महिला एटीएम ने की आत्महत्या
  • नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर में किराए के मकान में मिला शव
  • पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी, कारण स्पष्ट नहीं
  • सहकर्मियों ने बताया—मेहनती और जिम्मेदार थीं कर्मचारी

सिवान जिले से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। हसनपुरा प्रखंड में कार्यरत एक महिला सहायक तकनीकी प्रबंधक (एटीएम) ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर स्थित उनके किराए के मकान में घटी, जहां वह अकेले रहकर अपनी सेवा दे रही थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका वैशाली जिले की निवासी थीं और सीवान में कृषि विभाग के अंतर्गत अपनी जिम्मेदारियां निभा रही थीं। मंगलवार को उनका शव कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मृतका के मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं और उनके परिजनों व करीबी लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।
इस संबंध में हसनपुरा प्रखंड के कृषि पदाधिकारी आदित्य पांडेय ने बताया कि संबंधित कर्मचारी बीते शनिवार को कार्यालय आई थीं, लेकिन सोमवार को अनुपस्थित रहीं। संपर्क करने पर उन्होंने बताया था कि वे यात्रा में हैं और मंगलवार को ड्यूटी जॉइन करेंगी। हालांकि, मंगलवार को भी वह कार्यालय नहीं पहुंचीं और दोपहर में उनके आत्महत्या की सूचना मिली, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया।
सहकर्मियों के अनुसार, संबंधित कर्मचारी एक मेहनती और जिम्मेदार कर्मी थीं। उनके इस अचानक उठाए गए कदम से सभी स्तब्ध हैं और किसी को भी इस बात का अंदेशा नहीं था कि वह किसी मानसिक दबाव में थीं। घटना के बाद कृषि विभाग और स्थानीय प्रशासन में शोक का माहौल है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर