Explore

Search

May 6, 2026 4:52 am

ओसामा शहाब के खिलाफ FIR को बताया राजनीति से प्रेरित, निष्पक्ष जांच की मांग

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

राजद नेताओं ने लगाया साजिश का आरोप, बोले—विधायक की बढ़ती लोकप्रियता से घबराए विरोधी

  • रघुनाथपुर मामले में दर्ज FIR को लेकर तेज हुई राजनीतिक बयानबाजी
  • राजद नेताओं ने FIR को बताया फर्जी और राजनीति से प्रेरित
  • निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की उठी मांग
  • ओसामा शहाब के समर्थन में उतरे स्थानीय नेता

सिवान जिले के रघुनाथपुर से जुड़ा एक मामला इन दिनों राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। रघुनाथपुर के विधायक ओसामा शहाब और राजद नेता डब्लू खान के खिलाफ चंदन सिंह द्वारा दर्ज कराई गई FIR को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
इस मामले में राजद के पूर्व विधायक हरिशंकर यादव के पुत्र एवं पूर्व मुखिया सुरेन्द्र प्रसाद यादव तथा राजद के वरिष्ठ नेता अफाक अहमद ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। दोनों नेताओं ने FIR को राजनीति से प्रेरित और पूरी तरह फर्जी करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।
राजद नेता अफाक अहमद ने बयान जारी कर कहा कि यह FIR पूरी तरह बेबुनियाद है और इसके पीछे एक सोची-समझी साजिश है। उनका आरोप है कि विधायक ओसामा शहाब की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर राजनीतिक विरोधियों ने उन्हें बदनाम करने की कोशिश की है। उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
वहीं, सुरेन्द्र प्रसाद यादव ने भी कहा कि इस प्रकार के आरोप राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित हैं और इससे जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सच्चाई सामने आने पर सभी आरोप स्वतः खारिज हो जाएंगे।
स्थानीय राजद समर्थकों और नेताओं का भी मानना है कि ओसामा शहाब और डब्लू खान को जानबूझकर विवादों में घसीटा जा रहा है, ताकि उनकी राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके। समर्थकों का कहना है कि यह सब आगामी राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
फिलहाल यह मामला सिवान की राजनीति में एक बड़ा मुद्दा बन गया है और सभी की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है। अब देखना होगा कि जांच के बाद क्या तथ्य सामने आते हैं और इस पूरे विवाद पर क्या निष्कर्ष निकलता है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर