Explore

Search

April 16, 2026 1:55 am

दरौली में भीषण अगलगी: 20 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, कटाई से पहले किसानों पर संकट

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

कटाई से ठीक पहले लगी आग, किसानों की महीनों की मेहनत स्वाहा

  • दरौली प्रखंड में सोमवार दोपहर लगी भीषण आग
  • 20 बीघा से अधिक गेहूं की फसल जलकर हुई राख
  • अग्निशमन दल और ग्रामीणों ने मिलकर पाया काबू
  • आग लगने के कारणों का अब तक नहीं चल पाया पता

दरौली प्रखंड के दरौली गांव में सोमवार की दोपहर अचानक भीषण अगलगी की घटना सामने आई, जिसमें करीब 20 बीघा से अधिक क्षेत्र में लगी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। इस घटना से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय खेतों से धुआं उठता देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते कई खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
बताया जा रहा है कि गेहूं की फसल पूरी तरह पक चुकी थी और एक-दो दिन के भीतर कटाई शुरू होने वाली थी। ऐसे में अचानक लगी इस आग ने किसानों की महीनों की मेहनत को पल भर में बर्बाद कर दिया। जिन किसानों की फसल जलकर नष्ट हुई है, वे अब गहरे सदमे और चिंता में हैं।
हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है। वहीं प्रभावित किसान मुआवजे की मांग कर रहे हैं ताकि उन्हें हुए नुकसान की कुछ भरपाई हो सके।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर