Explore

Search

April 4, 2026 3:48 am

सिवान : घर से नकद सहित 15 लाख के आभूषण की चोरी

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

वेंटिलेशन तोड़कर घर में घुसे चोर, दंपती सोते रहे

  • महादेवा थाना क्षेत्र के नई बस्ती मोहल्ले में वारदात
  • 1.75 लाख नकद, जेवर व मोबाइल समेत करीब 15 लाख की चोरी
  • वेंटिलेशन की जाली तोड़कर घर में दाखिल हुए चोर
  • पुलिस जांच में जुटी, प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी

सिवान: जिले के महादेवा थाना क्षेत्र के नई बस्ती मोहल्ला स्थित एक घर में गुरुवार की रात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घर से करीब 1.75 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, दो मोबाइल फोन व जरूरी कागजात समेत लगभग 15 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।


जानकारी के अनुसार, चोर मकान के पीछे की ओर से वेंटिलेशन की जाली तोड़कर घर में घुसे। उस समय मकान मालिक उमेश कुमार और उनकी पत्नी बगल के कमरे में सो रहे थे, जिससे उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी।
शुक्रवार की सुबह जब दंपती नींद से उठे और दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो कमरा अंदर से बंद मिला। किसी तरह दरवाजा खोलने पर कमरे के अंदर का नजारा देखकर वे दंग रह गए। कमरे में सामान बिखरा हुआ था और अलमारी से नकदी, आभूषण व मोबाइल गायब थे।
मकान मालिक उमेश कुमार ने बताया कि गुरुवार की रात खाना खाने के बाद वे और उनकी पत्नी आगे वाले कमरे में सोने चले गए थे। इसी दौरान चोर घर में दाखिल हुए और कमरे से चाबी लेकर आराम से अलमारी खोलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।


चोरी गए सामान में 1.75 लाख रुपये नकद, दो मोबाइल, जरूरी कागजात के अलावा सोने के छह कान के टाप्स, एक बाली, एक मंगलसूत्र, एक झालना, दो झुमका, एक चेन सहित अन्य आभूषण शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मकान मालिक द्वारा महादेवा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों का सुराग लगाने में जुटी है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर