✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
बालापुर गांव में मामूली घटना ने लिया बड़ा रूप, कई घायल
- कुत्ते के घायल होने से शुरू हुआ विवाद
- दोनों पक्षों में जमकर मारपीट
- आधा दर्जन से अधिक लोग घायल
- तीन घायलों को सदर अस्पताल रेफर
बड़हरिया थाना क्षेत्र के बालापुर गांव में मंगलवार की रात एक मामूली घटना ने बड़ा विवाद का रूप ले लिया। मंदिर के पास दीनानाथ साह की चाय दुकान के समीप एक ऑटो की चपेट में आने से एक कुत्ता घायल हो गया, जिसके बाद दो पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालापुर निवासी हसनैन शाह के पुत्र साहेबजान अपनी ऑटो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मंदिर के पास दीनानाथ साह की चाय दुकान के निकट एक कुत्ता उनके ऑटो की चपेट में आकर घायल हो गया। इस घटना को लेकर गांव के नंदलाल साह के पुत्र संदीप कुमार, दीपक साह और राजन साह सहित अन्य लोगों ने ऑटो चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलने पर ऑटो चालक के स्वजन भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान दोनों तरफ से करीब आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों में साहेबजान, दीपक साह, राजन साह, संदीप कुमार समेत अन्य लोग शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है।
बताया जाता है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने के बाद भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष छोटन कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

