✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
पीछा कर पुलिस ने कार रोकी, 32 कार्टन शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
- जीरादेई के पास कार से भारी मात्रा में शराब जब्त
- 32 कार्टन शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
- भागने की कोशिश के दौरान पुलिस ने पीछा कर पकड़ा
- यूपी से बिहार में सप्लाई की जा रही थी अवैध शराब
सिवान। उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सोमवार को एक कार में छुपाकर लाई जा रही भारी मात्रा में शराब को बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान यूपी के कुशीनगर जिला के रामवर्ग बुर्जुग निवासी कृष्णा मद्धेशिया एवं मुजफ्फरपुर निवासी बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है, जबकि उनकी निशानदेही पर अन्य ठिकानों पर भी जांच जारी है।
उत्पाद अधीक्षक विपिन कुमार ने बताया कि सदर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अंकेश कुमार को सूचना मिली थी कि यूपी से अवैध शराब की खेप एक कार के जरिए सिवान सहित बिहार के अन्य जिलों में भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान जीरादेई के समीप यूपी की ओर से आ रही बिहार नंबर की एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भंटापोखरा के पास कार को जब्त कर लिया।
तलाशी के दौरान कार से 32 कार्टन शराब बरामद की गई। इस दौरान पुलिस और तस्करों के बीच हुई कार्रवाई में वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

