✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
- हत्या कर साक्ष्य छुपाने की आशंका, पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी
- सहदौली गांव के चंवर से अज्ञात महिला का शव बरामद
- 28 मार्च की रात गड्ढे में मिला शव, हत्या की आशंका
- चौकीदार सरोज कुमार यादव के बयान पर प्राथमिकी दर्ज
- पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर जल्द खुलासे की तैयारी में
दारौंदा (सिवान)। दारौंदा थाना क्षेत्र के सहदौली गांव के चंवर स्थित एक गड्ढे से 28 मार्च की रात अज्ञात महिला का शव बरामद होने के मामले में हत्या कर साक्ष्य छुपाने की आशंका जताई जा रही है। इस मामले में स्थानीय चौकीदार सरोज कुमार यादव के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्राथमिकी के अनुसार, चौकीदार सरोज कुमार यादव 28 मार्च की शाम संध्या ड्यूटी के दौरान डिब्बी बाजार में मौजूद थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों से उन्हें सूचना मिली कि सहदौली गांव के चंवर में एक गड्ढे में महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल दारौंदा थाना को इसकी जानकारी दी और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू पर जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस छानबीन कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस पहचान सुनिश्चित करने के साथ-साथ घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

