✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
20 साल बाद भारत ने किया क्वालीफाई, जिले में खुशी की लहर
- मैरवा की श्रुति कुमारी का भारतीय अंडर-20 महिला फुटबॉल टीम में चयन
- 3 अप्रैल से थाईलैंड में एशियन चैंपियनशिप का आयोजन
- 20 वर्षों बाद भारत ने इस प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई
- श्रुति की उपलब्धि पर पूरे जिले में खुशी और बधाइयों का दौर
मैरवा। एशियन फुटबॉल फेडरेशन द्वारा 3 अप्रैल से थाईलैंड में आयोजित होने वाली अंडर-20 एशियन महिला फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में सिवान जिले के मैरवा प्रखंड की प्रतिभाशाली खिलाड़ी श्रुति कुमारी का चयन हुआ है। श्रुति मैरवा प्रखंड के हरनाथपुर गांव निवासी अभय यादव की पुत्री हैं। उनके चयन से पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है।
श्रुति के कोच संजय पाठक ने बताया कि उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा आदर्श राजकीय मध्य विद्यालय, मैरवा से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी में कक्षा 6 से इंटरमीडिएट तक आवासीय और बाद में गैर-आवासीय प्रशिक्षण लिया। लक्ष्मीपुर गांव स्थित प्रशिक्षण केंद्र में लगातार मेहनत और अनुशासन के साथ उन्होंने अपने खेल को निखारा।
राष्ट्रीय स्तर पर श्रुति ने बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए आधा दर्जन से अधिक बार पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बिहार सरकार ने उन्हें खेल सम्मान से भी नवाजा। वर्तमान में श्रुति बिहार सरकार की “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” योजना के तहत मुजफ्फरपुर समाहरणालय में कार्यरत हैं।
इसके साथ ही वे पेशेवर फुटबॉल में भी सक्रिय हैं और दिल्ली स्थित गढ़वाल एफसी की ओर से आईडब्ल्यूएल जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं में भाग ले रही हैं। कोच पाठक के अनुसार, गढ़वाल एफसी से जुड़ने के बाद श्रुति के खेल में उल्लेखनीय सुधार आया है।
गौरतलब है कि श्रुति और उनकी बहन दोनों ने रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त किया है और बिहार के लिए पदक जीतकर खेल कोटा के तहत सरकारी नौकरी हासिल की है।
श्रुति के भारतीय टीम में चयन पर बिहार राज्य फुटबॉल संघ के सचिव इम्तियाज हुसैन, संयोजक असगर हुसैन, सिवान जिला फुटबॉल संघ के पदाधिकारियों समेत आईएमए सिवान के अध्यक्ष डॉ. शशि भूषण सिन्हा, सचिव डॉ. शरद चौधरी सहित कई गणमान्य लोगों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

