✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
- फायरिंग मामले में कार्रवाई, एसपी ने लिया सख्त निर्णय
- फायरिंग घटना में लापरवाही पर थानाध्यक्ष निलंबित
- रंजीत कुमार साह पर कर्तव्यहीनता का आरोप
- संतोष कुमार को असांव थाना का नया प्रभारी बनाया गया
- कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए त्वरित निर्णय
सिवान: जिले में फायरिंग की घटना को लेकर लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने असांव थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत कुमार साह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
एसपी ने बताया कि 27 मार्च को असांव थाना क्षेत्र में फायरिंग की घटना हुई थी, जिसके बाद 28 मार्च को स्वयं उन्होंने एवं विधि-विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस मामले में असांव थाना कांड संख्या-59/26 दर्ज किया गया था।
निरीक्षण के बाद उसी रात बदमाशों ने वादी के घर पर दोबारा फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। आरोप है कि इस गंभीर मामले को थानाध्यक्ष द्वारा प्राथमिकता नहीं दी गई और न ही वरीय अधिकारियों को समय पर सूचना दी गई। साथ ही घटना को लेकर कोई नई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई और पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए भी उचित कदम नहीं उठाए गए।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मैरवा द्वारा की गई समीक्षा में थाना स्तर पर कार्रवाई में लापरवाही, कर्तव्यहीनता एवं मनमानी पाई गई। इसके आधार पर रंजीत कुमार साह को निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र निर्धारित किया गया है।
वहीं असांव थाना में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रखने के लिए पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार (2018 बैच), जो पहले बड़हरिया थाना में पदस्थापित थे, को नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से पदभार ग्रहण कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम आगे भी जारी रहेंगे।

