Explore

Search

March 30, 2026 3:49 am

दरौंदा : ईंट भट्ठे के पास गड्ढे में बोरी से युवती का शव बरामद, इलाके में सनसनी

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

दारौंदा के सहदौली गांव में मिली लाश, हत्या की आशंका से पुलिस जांच तेज

  • तेज दुर्गंध के बाद ग्रामीणों ने की खोजबीन
  • बोरी में मिला सड़ा-गला शव, पहचान अब तक नहीं
  • पोस्टमार्टम के बाद 72 घंटे तक रखी जाएगी लाश
  • हत्या कर शव ठिकाने लगाने की आशंका

दारौंदा (सिवान): दारौंदा थाना क्षेत्र के सहदौली गांव स्थित एक ईंट भट्ठे के समीप गड्ढे से बोरी में बंद एक अज्ञात युवती का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दारौंदा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक अस्पताल में सुरक्षित रखा जाएगा। पहचान नहीं होने की स्थिति में आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से इलाके में तेज दुर्गंध फैल रही थी। संदेह होने पर ग्रामीणों ने आसपास खोजबीन शुरू की। रविवार की सुबह ईंट भट्ठा के पास एक गड्ढे में संदिग्ध बोरी दिखाई दी। जब लोगों ने पास जाकर देखा तो उसके अंदर सड़ा-गला शव पाया गया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से बोरी में भरकर गड्ढे में फेंका गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया है, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से मिलान कर शव की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
वहीं, घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं और लोग इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर