Explore

Search

March 28, 2026 2:44 am

बड़हरिया : अशरफ साईं को अगवा कर बेरहमी से पीटा, मृत समझ झाड़ियों में फेंका, गंभीर हालत में पटना रेफर

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

बड़हरिया के लकड़ी दरगाह में सनसनी, पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका

  • लकड़ी दरगाह गांव से अशरफ साईं का अपहरण कर बेरहमी से पिटाई
  • मृत समझ बदमाशों ने झाड़ियों में फेंका, हालत गंभीर
  • सदर अस्पताल से पटना किया गया रेफर
  • पुलिस जांच में जुटी, पुरानी रंजिश का मामला सामने आया

सिवान: बड़हरिया थाना क्षेत्र के लकड़ी दरगाह गांव में गुरुवार की शाम एक युवक को अगवा कर बेरहमी से पीटने और मृत समझकर झाड़ियों में फेंक देने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान लकड़ी दरगाह निवासी महमद सोहराब साईं के पुत्र अशरफ साईं के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब छह बजे लकड़ी के गडहा बाजार स्थित दुकान के पास से चार पहिया वाहन पर सवार बदमाशों ने अशरफ साईं को जबरन उठा लिया। इसके बाद उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर लोहे की रॉड और डंडों से बेरहमी से पिटाई की गई। गंभीर रूप से घायल होने के बाद बदमाशों ने उसे मृत समझकर पकड़ी कब्रिस्तान स्थित दरगाह के पास झाड़ियों में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
कुछ समय बाद स्थानीय लोगों की नजर झाड़ियों में पड़े घायल युवक पर पड़ी। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने उसे तत्काल सिवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि जलटोलिया और एजमाली के कुछ युवकों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। घायल अशरफ साईं ने पुलिस के समक्ष तीन लोगों के नाम भी बताए हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। बड़हरिया थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद अशरफ साईं के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर