Explore

Search

March 28, 2026 2:59 am

महराजगंज : मां गढ़ देवी चैत रामनवमी महोत्सव का मंत्री ने किया उद्घाटन

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

राजकीय दर्जा प्राप्त मेले का भव्य शुभारंभ, जयकारों से गूंजा पूरा क्षेत्र

सिवान: प्रखंड की बलिया पंचायत स्थित बलिया गांव में मां गढ़ देवी चैत रामनवमी महोत्सव (राजकीय मेला) का भव्य शुभारंभ गुरुवार को हुआ। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले का उद्घाटन स्वास्थ्य सह विधि मंत्री मंगल पांडेय, विधायक हेम नारायण साह, देवेशकांत सिंह, कर्मजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, इंद्रदेव सिंह पटेल, जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय, पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा, एसडीओ अनीता सिन्हा, एसडीपीओ अमन समेत अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन के साथ ही मेले की औपचारिक शुरुआत हो गई और पूरा मेला क्षेत्र “जय मां गढ़ देवी” के जयकारों से गूंज उठा।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि मां गढ़ देवी का इतिहास अत्यंत प्राचीन और गौरवशाली रहा है। इसी ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए इस मेले को राजकीय दर्जा प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों से बिहार सरकार और जिला प्रशासन के सहयोग से यह मेला सफलतापूर्वक आयोजित हो रहा है।
मंत्री ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि “यह मेरे गांव के लिए गौरव की बात है कि यहां इतने भव्य स्तर पर महोत्सव का आयोजन हो रहा है। क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से मांग थी कि इस मेले को राजकीय दर्जा मिले, जिसे अब पूरा किया गया है।”
उन्होंने यह भी कहा कि मेले के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन से लेकर अनुमंडल स्तर तक के सभी अधिकारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ लगे हुए हैं।
इस अवसर पर सिवान को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष मनोज सिंह, एडीएम प्रमोद कुमार, डीसीएलआर अमन आनंद, बीडीओ बिंदू कुमार, थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, प्रखंड प्रमुख बच्ची देवी, मुखिया आरती देवी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विभिन्न विभागों के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
मेले में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिनका उद्घाटन मंत्री ने किया और बारी-बारी से निरीक्षण भी किया। जीविका, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित कई विभागों ने अपने-अपने स्टॉल के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी, जो लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बने रहे।
भोजपुरी कलाकारों ने बांधा समां
महोत्सव के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में क्षेत्रीय भोजपुरी कलाकारों ने अपने शानदार प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों का अनूठा संगम देखने को मिला।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर