✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगा ट्रैफिक प्लान
- शोभायात्रा को लेकर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बदली
- भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध
- कई प्रमुख मार्गों पर चार पहिया और व्यवसायिक वाहनों पर रोक
- वैकल्पिक मार्गों से होगा वाहनों का संचालन
सिवान: शहर में आयोजित शोभायात्रा को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक बदलाव लागू किया है। शुक्रवार को सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी, जबकि भारी वाहनों के लिए रात 10 बजे तक प्रतिबंध जारी रहेगा।
यातायात थानाध्यक्ष अभय नंदन ने जानकारी देते हुए बताया कि अग्निशमन, एंबुलेंस, शव वाहन, न्यायिक कार्य से जुड़े वाहन और अन्य इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर बाकी सभी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा।
शहर के अंदर भारी वाहनों—जैसे बस, ट्रक, हाइवा और जेसीबी—का प्रवेश पूरी तरह वर्जित कर दिया गया है। इन वाहनों को मिशन मोड़ (छोटपुर), हकाम मोड़, बड़हरिया बाईपास, हरदिया मोड़, तरवारा मोड़, कलकत्ता बिरयानी मोड़, आंदर ढाला पुल और दरोगा राय कॉलेज मोड़ के पास से ही डायवर्ट कर दिया जाएगा।
इसके अलावा शहर के कई प्रमुख मार्गों पर चार पहिया और व्यवसायिक वाहनों के परिचालन पर भी रोक लगाई गई है। गोपालगंज मोड़ से सिवान शहर की ओर जाने वाली सड़क, महादेवा रोड और गांधी मैदान के सामने शहर की ओर जाने वाले मार्ग पर चार पहिया और व्यवसायिक वाहन (तीन पहिया समेत) पूरी तरह बंद रहेंगे।
अस्पताल रोड पर वाहनों को बड़हरिया बाईपास बीएल मोड़ से जैन स्वीट्स की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं बबुनिया मोड़ से शहर और स्टेशन की ओर किसी भी प्रकार के वाहन का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। स्टेशन जाने वाले वाहन पी देवी मोड़ के रास्ते से संचालित किए जाएंगे।
सराय मोड़ और तेलहट्टा बाजार मोड़ से बबुनिया मोड़ की ओर किसी भी वाहन का आवागमन बंद रहेगा। कचहरी मोड़ से कागजी मोहल्ला की ओर तथा डीएवी मोड़ से शांति वट वृक्ष की ओर भी सभी प्रकार के वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करें, ताकि शोभायात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

