✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
- CSP संचालक हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता
- लाइनर प्रमोद कुमार गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद
- CCTV और तकनीकी जांच से हुआ खुलासा
- अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
सक्रिय पुलिसिंग के तहत सिवान पुलिस ने सराय थाना क्षेत्र में हुए CSP संचालक लूट एवं गोलीकांड मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात के लाइनर को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से देशी पिस्टल, कारतूस समेत अन्य सामान बरामद किए हैं।
बताया जाता है कि 20 मार्च 2026 को सराय थाना क्षेत्र के नवका टोला निवासी CSP संचालक अशोक पटेल बैंक से CSP केंद्र कल्याणपुर जा रहे थे, तभी अज्ञात अपराधियों ने लूटपाट के दौरान उन्हें गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अशोक पटेल की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिवान ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर के नेतृत्व में SIT टीम का गठन किया। SIT टीम ने बड़हरिया मोड़ से लेकर घटनास्थल तक के CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर अपराधियों की पहचान की।
इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर सिसवन टोला बाइपास रोड के पास छापेमारी कर प्रमोद कुमार को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक देशी पिस्टल, दो कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल, पासबुक, आईडी कार्ड, मोबाइल, बैग तथा 8220 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त प्रमोद कुमार (पिता–स्व० संह ठाकुर), निवासी सेलमपुर नई बस्ती, थाना महादेवा, जिला सिवान ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस संबंध में सराय थाना में कांड दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।

