✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
इलाज के दौरान लखनऊ में तोड़ा दम
- दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने की थी लूट
- सीएसपी संचालक अशोक पटेल को मारी गई थी गोली
- लखनऊ पीजीआई में इलाज के दौरान हुई मौत
- आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी कर रही छापेमारी
सिवान: सराय थाना क्षेत्र के बभनौली गांव के समीप 20 मार्च की शाम दिनदहाड़े हुई लूट की घटना में घायल सीएसपी संचालक अशोक पटेल की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह कल्याणपुर के निवासी थे और घटना के बाद से लखनऊ स्थित पीजीआई में भर्ती थे, जहां सोमवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।
बताया जाता है कि घटना के दिन बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने अशोक पटेल को गोली मारकर करीब पांच लाख रुपये लूट लिए थे। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया था।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सोमवार की शाम तक शव सिवान नहीं पहुंच सका था।
इधर, घटना के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है। मामले की जांच के लिए एसआईटी टीम का गठन किया गया है, जो लगातार छापेमारी कर रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
थानाध्यक्ष विकास कुमार बिट्टू ने बताया कि घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई है और घटना में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।

