✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
- गुप्त सूचना पर सराय थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई
- गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की छापेमारी
- दो संदिग्ध बदमाशों को मौके से दबोचा
- देसी कट्टा, कारतूस व मोबाइल बरामद
- आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज, दोनों को जेल भेजा गया
सिवान: जिले के सराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियार खरीद-बिक्री करने पहुंचे दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा, एक खोखा, एक कारतूस एवं तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीबी नगर थाना क्षेत्र के शम्भोपुर निवासी एमामुल जामा उर्फ गुड्डू अली तथा नुर मोहम्मद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि सोमवार को सराय थाना को सूचना मिली थी कि ग्राम पपौर स्थित चंडी माई मंदिर के पास दो व्यक्ति अवैध हथियार की खरीद-बिक्री के उद्देश्य से पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान दोनों संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन पुलिस बल की तत्परता से उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी के क्रम में उनके पास से एक देसी कट्टा, एक खोखा, एक कारतूस एवं तीन मोबाइल बरामद किए गए।
पुलिस ने इस मामले में सराय थाना में आर्म्स एक्ट की धारा 25 (1-बी) ए/26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी टीम में सराय थाना के थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।

