✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
बड़हरिया में छापेमारी, एक हाथी की पहले हो चुकी थी मौत
- बड़हरिया थाना क्षेत्र से दो हाथियों का सुरक्षित रेस्क्यू
- एक नर और एक मादा हाथी अवैध रूप से रखे गए थे
- तीन हाथियों को बंगाल से लाए जाने की सूचना
- फरवरी 2026 में एक हाथी की हो चुकी थी मौत
जिला पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़हरिया थाना क्षेत्र से अवैध रूप से रखे जा रहे एक नर हाथी व एक मादा हाथिनी को सकुशल बरामद की है। इस छापेमारी में वन विभाग, बड़हरिया, जामो बाजार, बसंतपुर, गोरेयाकोठी, पचरूखी, जीबी नगर सहित छह थानों के थानाध्यक्षों शामिल थे। इस मामले में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि कुल तीन हाथी सुमन, भोला और बसंती को कथित तौर पर पश्चिम बंगाल से बिहार लाया गया था। तीनों हाथी को पहले बगल के जिले में एक आश्रम में रखा था लेकिन सत्यापन के दौरान वहां मौजूद नहीं पाए गए। वन विभाग को गुप्त सूचना मिली कि तीनों हाथी बड़हरिया क्षेत्र में रखे गए हैं। इसके आधार पर वन विभाग की टीम और बड़हरिया थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान एक नर हाथी व एक मादा हाथिनी को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि तीन में से एक हाथी की फरवरी 2026 में ही मृत्यु हो चुकी है। फिलहाल बरामद दोनों हाथियों को वन विभाग की देखरेख में रखा गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है कि हाथियों को अवैध रूप से बिहार लाने और रखने के पीछे कौन लोग शामिल हैं। एसपी ने बताया कि अवैध रूप से काम चल रहा था। पशु को अवैध रूप से रखना कानून अपराध है, अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।

