✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
वाहन जांच के दौरान पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन शातिर चोर दबोचे गए
नगर थाना पुलिस ने वाहन जांच में दो चोरों को पकड़ा
- मुफस्सिल थाना पुलिस ने अलग कार्रवाई में एक आरोपी को किया गिरफ्तार
- दो चोरी की बाइक बरामद, आरोपियों का आपराधिक इतिहास
- पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को भेजा गया जेल
सिवान : जिले में पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से दो चोरी की बाइक भी बरामद की गई है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि नगर थाना की पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान एक चोरी की बाइक के साथ दो चोरों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के शिवाजीनगर फतेहपुर बाइपास निवासी राहुल कुमार और महादेवा थाना क्षेत्र के व्यापार मंडल गौशाला रोड निवासी हरेराम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का महादेवा थाना में आपराधिक इतिहास रहा है और ये पूर्व में भी चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर मुफस्सिल थाना पुलिस ने अलग कार्रवाई करते हुए एक अन्य चोरी की बाइक के साथ जीरादेई थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर निवासी अमित कुमार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

