✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
बिहार दिवस पर टाउन हॉल में गूंजा कला और संस्कृति का संगम
- नौ वर्षीय अभ्यांशी ने गणेश वंदना से जीता दर्शकों का दिल
- नटपा की नृत्यांगनाओं ने कथक में प्रस्तुत की शिव स्तुति
- डीएम व एसपी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ
- कलाकारों की प्रस्तुति पर गूंजता रहा टाउन हॉल तालियों से
सिवान : बिहार दिवस के अवसर पर रविवार को शहर के टाउन हॉल में कला, संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय एवं पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहर की प्रसिद्ध संस्था नृत्योदय द परफार्मिंग आर्ट्स (नटपा) की प्रशिक्षु नृत्यांगनाओं द्वारा गणेश वंदना से हुई। इस प्रस्तुति में नौ वर्षीया अभ्यांशी ने भगवान गणेश की भूमिका निभाते हुए अपने मनमोहक क्लासिकल नृत्य से सभी दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी भाव-भंगिमा और प्रस्तुति ने टाउन हॉल में मौजूद अधिकारियों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके बाद नटपा की नृत्यांगनाओं श्रेया द्विवेदी, अंजली कुमारी एवं दीक्षा रानी ने शिव स्तुति पर कथक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति पर पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
दोनों नृत्य प्रस्तुतियों का निर्देशन दरौली स्थित श्रीमती ललिता देवी प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज की प्लस टू संगीत शिक्षिका श्वेता कुमारी ने किया।
इस अवसर पर जिला कला संस्कृति पदाधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के उप निदेशक उपेंद्र कुमार यादव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत करते हुए दर्शकों को एक अविस्मरणीय अनुभव प्रदान किया।

