✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार की थीम पर निकली प्रभातफेरी, जनभागीदारी का आह्वान
- प्रभातफेरी में छात्र-छात्राओं व एनसीसी कैडेट्स ने लिया हिस्सा
- नशा मुक्ति, दहेज व बाल विवाह के खिलाफ लगे जागरूकता के नारे
- डीएम समेत अधिकारियों ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
- टाउन हॉल में पेंटिंग व भाषण प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
सिवान : बिहार दिवस के अवसर पर जिले में रविवार को विविध कार्यक्रमों के साथ उत्सव का माहौल देखने को मिला। प्रभातफेरी, सांस्कृतिक आयोजन और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से पूरे जिले में बिहार के गौरव और विकास का संदेश गूंजता रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत “उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार” थीम पर प्रभातफेरी के साथ हुई। जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय के नेतृत्व में निकली इस प्रभातफेरी में जिला स्तरीय पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और एनसीसी कैडेट्स बड़ी संख्या में शामिल हुए। बच्चों ने नशा मुक्ति, दहेज प्रथा और बाल विवाह के खिलाफ स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर पूरे उत्साह के साथ जागरूकता के नारे लगाए।
इस दौरान आमजनों से सकारात्मक सोच अपनाकर बिहार के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
वहीं स्वच्छता का संदेश देने के लिए जिलाधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू उठाकर गांधी मैदान पोखरा सहित प्रमुख स्थलों की साफ-सफाई की। अधिकारियों ने दीवारों का रंग-रोगन कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निकायों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का सामूहिक कर्तव्य है। सभी को मिलकर अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लेना चाहिए।
इसके अलावा शहर के टाउन हॉल में पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय प्रतिभाओं ने अपनी रचनात्मकता और मौलिकता का शानदार प्रदर्शन किया।
बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने न केवल उत्साह का माहौल बनाया, बल्कि एक स्वच्छ, जागरूक और विकसित बिहार के संकल्प को भी मजबूती प्रदान की।

