Explore

Search

March 18, 2026 3:00 am

सिवान : बलिदानी जवान के पार्थिव शरीर से लिपटकर रो पड़े मासूम, गांव में गूंजे ‘भारत माता की जय’ के नारे

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

चकिया मुठभेड़ में शहीद हुए सिवान के एसटीएफ जवान श्रीराम यादव, पूरे गांव ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई

  •  चकिया में पुलिस मुठभेड़ में सिवान के एसटीएफ जवान श्रीराम यादव शहीद
  • पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही परिजनों में मचा कोहराम
  • मासूम बेटे-बेटी पिता से लिपटकर रो पड़े, पत्नी हुई बेसुध
  • चार वर्षीय पुत्र अंश राज ने दी मुखाग्नि, पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

सिवान: पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थाना क्षेत्र के सिहोरवा गांव में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में मुजफ्फरपुर के कुख्यात बदमाश कुंदन ठाकुर समेत दो अपराधी मारे गए, जबकि इस कार्रवाई में एक एसटीएफ जवान शहीद हो गए। शहीद जवान की पहचान सिवान जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पुरैना गांव निवासी श्रीराम कुमार यादव के रूप में हुई है।

मंगलवार की दोपहर जब शहीद जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पुरैना पहुंचा, तो पूरे गांव में मातम छा गया। बड़ी संख्या में लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और गांव में हर आंख नम दिखाई दी।
शहीद जवान के पार्थिव शरीर पर उनकी मां और पत्नी सिंधू देवी ने नम आंखों से पुष्पचक्र अर्पित किया। इस दौरान पत्नी अपने पति का पार्थिव शरीर देखते ही बेसुध होकर गिर पड़ीं। वहीं, पांच वर्षीय पुत्री और चार वर्षीय पुत्र अपने पिता के पार्थिव शरीर से लिपटकर फूट-फूट कर रोने लगे। यह दृश्य देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।
इस मौके पर सारण रेंज के डीआईजी निलेश कुमार, जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय, पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे गांव में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से वातावरण गूंज उठा।
मंगलवार की शाम पूरे राजकीय सम्मान के साथ शहीद जवान का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार से पहले उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी गई। उनके चार वर्षीय पुत्र अंश राज ने अपने पिता को मुखाग्नि दी, जिससे वहां मौजूद हर व्यक्ति भावुक हो उठा।
शहीद श्रीराम यादव तीन भाइयों में दूसरे थे। उनके बड़े भाई गांव पर ही रहते हैं, जबकि छोटे भाई की नियुक्ति वर्ष 2025 में बिहार पुलिस में हुई है और वह वर्तमान में रोहतास में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उनकी तीन बहनों की शादी हो चुकी है।
वर्ष 2014 में बिहार पुलिस में भर्ती हुए श्रीराम यादव पहले बिहार मिलिट्री पुलिस (बीएमपी) में कार्यरत थे। बाद में छह माह के विशेष प्रशिक्षण के बाद उन्होंने एसटीएफ में अपनी सेवा दी और कर्तव्य के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर