Explore

Search

March 21, 2026 8:21 pm

अयूब खान मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार,STF की बड़ी कार्यवाही

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद बढ़ी चर्चा, एसटीएफ ऑपरेशन की सामने आई बात

  • मुजफ्फरपुर से अयूब खान की गिरफ्तारी की चर्चा से सिवान में हलचल।
  • मिठनपुरा थाना क्षेत्र के हाजी कॉलोनी से STF द्वारा दबोचने की सूचना।
  • गिरफ्तारी से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल।
  • पुराने आर्म्स एक्ट मामले में सिवान पुलिस के हवाले किए जाने की जानकारी।

सिवान के दक्षिणांचल इलाके में कभी अपराध की दुनियां का बड़ा नाम और हाल के वर्षों में चर्चित समाजसेवी सह लोजपा (रा) नेता अयूब खान की गिरफ्तारी की खबर रविवार देर शाम पूरे सिवान में जंगल की आग की तरह फैल गई।बताया जा रहा है कि बिहार एसटीएफ की विशेष टीम ने उन्हें मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित हाजी कॉलोनी से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तारी की चर्चा उस समय और तेज हो गई जब घटनास्थल से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी एक व्यक्ति को अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहे हैं और दावा किया जा रहा है कि वह अयूब खान हैं। हालांकि शुरुआत में पुलिस अधिकारी इस मामले में आधिकारिक पुष्टि से बचते रहे।

सूत्रों के अनुसार एसटीएफ की टीम पिछले कई दिनों से अयूब खान की गतिविधियों और लोकेशन पर नजर रखे हुए थी। जैसे ही मुजफ्फरपुर में उनकी मौजूदगी की सटीक सूचना मिली, टीम ने तत्काल घेराबंदी कर ऑपरेशन चलाया और अयूब खान हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के दौरान सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।

मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी ने मीडिया को बताया कि अयूब खान को सिवान पुलिस पुराने आर्म्स एक्ट मामले में अपने साथ ले गई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि उनसे पूछताछ के दौरान कई अन्य आपराधिक मामलों और संभावित नेटवर्क से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं।

दरअसल, अयूब खान का नाम उस समय सुर्खियों में आया था जब पिछले बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान सारण प्रक्षेत्र के डीआईजी निलेश कुमार के नेतृत्व में सिवान जिले के गयासपुर गांव में बड़े पैमाने पर छापेमारी की गई थी। यह छापेमारी उनके छोटे भाई और लोजपा (रा) नेता रईस खान के पैतृक घर पर हुई थी, जहां घंटों तक तलाशी अभियान चला था।
उस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए थे। बरामदगी में AK-47 के कारतूस भी शामिल बताए गए थे। इसी मामले में रईस खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था और तब से यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है।अब अयूब खान की गिरफ्तारी को उसी प्रकरण से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
इस बीच देर रात यह चर्चा भी तेज हो गई कि पुलिस अयूब खान को मुजफ्फरपुर से सिवान लेकर आ रही है और कड़ी सुरक्षा में उनसे पूछताछ की जाएगी। आधिकारिक पुष्टि भले ही सीमित हो, लेकिन इस गिरफ्तारी ने सिवान के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का बाजार गर्म कर दिया है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर