✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
गया में आयोजित अधिवेशन में रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिला सम्मान
• गया में आयोजित राष्ट्रीय रक्तदाता अधिवेशन में सिवान ब्लड डोनर क्लब सम्मानित।
• रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिला “भगत सिंह सम्मान 2026”।
• शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के प्रपौत्र अमित आज़ाद ने किया सम्मानित।
• पदाधिकारियों ने इसे सिवान के रक्तदाताओं और स्वयंसेवकों की उपलब्धि बताया।
सिवान : पावन भूमि गया में आयोजित राष्ट्रीय रक्तदाता अधिवेशन के दौरान सिवान ब्लड डोनर क्लब को रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्यों के लिए प्रतिष्ठित “भगत सिंह सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के प्रपौत्र अमित आज़ाद द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष नीलेश वर्मा ‘नील’ ने कहा कि यह सम्मान पूरे सिवान जिले के रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के समर्पण, सेवा भावना तथा निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना और समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम में संस्था की ओर से अध्यक्ष नीलेश वर्मा ‘नील’, उपाध्यक्ष राकेश सहाय, सचिव सतीश शर्मा, उपसचिव आशुतोष कुमार और टीम कोऑर्डिनेटर राघवेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।
संस्था के पदाधिकारियों ने इस सम्मान को अपने लिए गौरव के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी बताया और भविष्य में भी निरंतर रक्तदान अभियान चलाने तथा अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प व्यक्त किया।
इस मौके पर संस्था के सचिव सतीश शर्मा ने सिवान जिले के जागरूक युवाओं से सिवान ब्लड डोनर क्लब से जुड़ने की अपील की। साथ ही भविष्य में सिवान की धरती पर ऑल इंडिया ब्लड डोनर कॉन्फ्रेंस आयोजित कराने की योजना पर भी जोर दिया।

