✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
मैरवा रेलवे स्टेशन के पास से पुलिस ने दबोचा, दो सप्ताह पहले हाजत की दीवार तोड़कर हुआ था फरार
- मैरवा थाना हाजत से फरार अभियुक्त फिरोज अंसारी गिरफ्तार।
- रेलवे स्टेशन के पास से पुलिस ने किया गिरफ्ता
- तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से कट्टा बरामद।
- फरारी के बाद एक एएसआई और दो चौकीदार निलंबित हुए थे।
सिवान : मैरवा थाना के बंदी गृह से दो सप्ताह पूर्व दीवार तोड़कर फरार हुए बाइक चोर को पुलिस ने शनिवार की रात रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त फिरोज अंसारी के पास से पुलिस ने एक कट्टा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार फिरोज अंसारी के खिलाफ मुजफ्फरपुर रेल थाना में तीन और मैरवा थाना में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।
बताया जाता है कि 27 फरवरी को वाहन जांच के दौरान पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी कर करीब एक दर्जन चोरी की बाइक भी बरामद की थी। गिरफ्तार अभियुक्तों को मैरवा थाना के हाजत में रखा गया था।
इसी दौरान रात में रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के आदमपुर निवासी फिरोज अंसारी हाजत की पिछली दीवार तोड़कर फरार हो गया था। उसके फरार होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने मैरवा थाना के एक एएसआई और दो चौकीदार को निलंबित कर दिया था।
फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में थानाध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मैरवा रेलवे स्टेशन के पास छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक कट्टा बरामद किया गया।

