✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
जिले में रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचने की अपील
• जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध
• कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर प्रशासन की कड़ी नजर
• 25 दिन बाद ही अगली गैस बुकिंग करने की नई व्यवस्था लागू
• बुकिंग के 2–3 कार्य दिवस के भीतर होम डिलीवरी का आश्वासन
सिवान : खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में घरेलू रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। इसी क्रम में जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय और पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर गैस की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
पदाधिकारियों ने जिलेवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि घरेलू उपयोग के लिए रसोई गैस सिलेंडरों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। ऐसे में आम उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की घबराहट या ईंधन संकट की आशंका पालने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम एजेंसियों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जिले की आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह सक्रिय है और मांग के अनुरूप सिलेंडरों की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे गैस एजेंसियों या वितरण केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर या अफवाहों पर ध्यान न दें।
जिलाधिकारी ने बताया कि गैस वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत अब कोई भी घरेलू उपभोक्ता अपने पिछले गैस सिलेंडर की डिलीवरी मिलने के कम से कम 25 दिनों के बाद ही अगले सिलेंडर की बुकिंग कर सकेगा।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाना है, ताकि सभी उपभोक्ताओं तक ईंधन की समान रूप से उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं द्वारा गैस बुकिंग दर्ज कराने के बाद संबंधित गैस वितरक द्वारा दो से तीन कार्य दिवस के भीतर सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर लगातार नजर बनाए हुए है।

