Explore

Search

March 13, 2026 3:26 am

सिवान :1500 रुपये में गैस सिलेंडर बेचने का आरोप, चालक सहित अन्य पर प्राथमिकी

1500 रुपये में गैस सिलेंडर बेचने का आरोप, चालक सहित अन्य पर प्राथमिकी

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई, निर्धारित कीमत से अधिक वसूली का मामला
• घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 1011 रुपये, वसूले जा रहे थे 1500 रुपये
• वायरल वीडियो में सिलेंडर लदी पिकअप वैन दिखी
• प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने मुफस्सिल थाना में दर्ज कराई प्राथमिकी
• पुलिस वीडियो और साक्ष्यों के आधार पर कर रही जांच

सिवान : घरेलू गैस सिलेंडर की निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूलने के आरोप में गैस एजेंसी के वाहन चालक सहित अन्य लोगों के विरुद्ध मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। यह कार्रवाई इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो के आधार पर की गई है।
सदर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने इस मामले में आवेदन देकर गैस एजेंसी के वाहन चालक तथा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार 11 मार्च को सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ था, जिसमें गैस सिलेंडर से लदी एक बोलेरो पिकअप वैन दिखाई दे रही है। वाहन की बॉडी पर इंडेन कंपनी का लोगो लगा हुआ है तथा उस पर मेसर्स सिद्धि विनायक इंडेन लिखा हुआ है।
वायरल वीडियो में पिकअप वैन चालक लोगों से एक घरेलू गैस सिलेंडर के बदले 1500 रुपये की मांग करता दिखाई दे रहा है। जबकि वर्तमान समय में घरेलू गैस सिलेंडर की निर्धारित कीमत 1011 रुपये है। इसके बावजूद लाभुकों से अधिक राशि वसूलने का आरोप लगाया गया है।
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं से अवैध वसूली पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
इधर मुफस्सिल थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर