Explore

Search

March 12, 2026 3:48 am

बसंतपुर : तालाब के गहरे पानी में डूबने से मछुआरे की मौत

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

मछली पालन के कार्य से गए थे तालाब, सुबह ग्रामीणों ने देखा शव

• बसंतपुर थाना क्षेत्र के बगही गांव की घटना
• तालाब में डूबने से मछुआरे बदरी सहनी (55) की मौत
• रात में मछलियों की देखरेख के लिए गए थे तालाब
• पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सीवान जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के बगही गांव स्थित एक तालाब में डूबने से मछली पालन करने वाले एक मछुआरे की मौत हो गई। घटना मंगलवार की रात की बताई जा रही है। मृतक की पहचान गांव निवासी बदरी सहनी (55) के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि बदरी सहनी गांव के ही एक व्यक्ति का तालाब लीज पर लेकर उसमें मछली पालन का कार्य करते थे। मंगलवार की रात वह मछली पालन से जुड़े काम के सिलसिले में तालाब की ओर गए थे।
देर रात तक जब वे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने सोचा कि मछलियों की देखरेख के लिए वे तालाब पर ही रुक गए होंगे। बुधवार की सुबह जब कुछ ग्रामीण तालाब की ओर गए तो उन्होंने पानी में शव उपलाता देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने शोर मचाकर इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी।
घटना की खबर गांव में जंगल की आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर दर्जनों लोग जुट गए। ग्रामीणों का कहना है कि संभवतः रात के अंधेरे में उनका पैर फिसल गया होगा और वे गहरे पानी में चले गए होंगे। तालाब आबादी से दूर होने के कारण उनकी मदद की गुहार भी किसी तक नहीं पहुंच सकी।
सूचना मिलने के बाद बसंतपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर