✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
पोखरा गांव में पुलिस की छापेमारी, पिस्टल और दो गोली बरामद
• गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
• उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पास बना रहे थे अपराध की योजना
• एक बदमाश गुलशन सिंह गिरफ्तार, अन्य साथी फरार
• मौके से एक पिस्टल और दो जिंदा गोली बरामद
सीवान जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र में अपराध की योजना बना रहे बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश के पास से एक पिस्टल और दो जिंदा गोली भी बरामद की है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि मंगलवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि पोखरा गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के समीप कुछ बदमाश एकत्रित होकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तत्काल छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने थाना क्षेत्र के पोखरा निवासी गुलशन सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस को देखते ही उसके अन्य साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गिरफ्तार बदमाश को थाना लाकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश के पास से एक पिस्टल और दो गोली बरामद की गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है तथा फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

