✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
घर निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
• सिसवन थाना क्षेत्र में निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा
• लोहे का रॉड हाइटेंशन तार से टकराने से लगा करंट
• ससुर चंद्रिका प्रसाद और दामाद राजकुमार बीन की मौत
• पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, गांव में शोक का माहौल
सीवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में ससुर और दामाद की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतकों की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के सिसवन धोबही निवासी राजकुमार बीन तथा सारण जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र के कुमना गांव निवासी चंद्रिका प्रसाद के रूप में हुई है। बताया जाता है कि चंद्रिका प्रसाद अपने दामाद राजकुमार बीन के घर निर्माण कार्य के लिए आए हुए थे और राजमिस्त्री का काम करते थे।
घटना के संबंध में मृतक राजकुमार बीन की पुत्री रीता कुमारी ने बताया कि घर का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान उसके पिता और नाना दोनों मिलकर लोहे का रॉड सीधा कर रहे थे। उसी समय रॉड घर के बगल से गुजर रहे हाइटेंशन बिजली के तार के संपर्क में आ गया, जिससे दोनों करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से दोनों को तत्काल इलाज के लिए सिसवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर सिसवन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया। मामले में एसआई शुभंकर कुमार ने अस्पताल पहुंचकर आगे की प्रक्रिया पूरी की।
घटना के बाद मृतक राजकुमार बीन की पत्नी शिवरतिया देवी तथा पुत्रियां रीता और संगीता का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

