Explore

Search

March 11, 2026 5:22 am

दरौंदा : बरात में फायरिंग मामले में चार नामजद, एक गिरफ्तार

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

फरमाइशी गाना नहीं बजाने पर हुआ विवाद, दुल्हन के दादा को लगी गोली

• रामचंद्रापुर में बरात के दौरान हुई फायरिंग
• फरमाइशी गाना को लेकर बढ़ा विवाद
• दुल्हन के दादा को पेट में लगी गोली
• पुलिस ने एक आरोपित को भेजा जेल

दारौंदा (सिवान): थाना क्षेत्र के रामचंद्रापुर गांव में नौ मार्च की रात बरात के दौरान फरमाइशी गाना नहीं बजाने को लेकर हुए विवाद में दुल्हन के दादा को गोली मार दी गई। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की है, जिसमें एक आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
घटना के संबंध में घायल के छोटे भाई बलिराम साह के बयान पर दारौंदा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें गांव के अमित कुमार यादव, धनलाल यादव, बिट्टू यादव और दीपक यादव को आरोपित बनाया गया है।
प्राथमिकी में बताया गया है कि नौ मार्च की रात सारण जिले के बनियापुर क्षेत्र से बरात नंदकिशोर साह के दरवाजे पर आई थी। रात करीब 1:30 बजे दरवाजे के पास आर्केस्ट्रा का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान गांव के कुछ शरारती तत्व फरमाइशी गाना बजाने का दबाव बनाने लगे, जिसका आयोजकों ने विरोध किया।
इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान अमित कुमार यादव ने पिस्टल निकालकर हत्या की नीयत से गोली चला दी, जो दुल्हन के दादा नंदकिशोर साह के पेट में लग गई। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े।
ग्रामीणों के सहयोग से स्वजन उन्हें इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल महाराजगंज ले गए, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि मामले में एक आरोपित धनलाल यादव को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर