Explore

Search

August 4, 2026 11:55 pm

बसंतपुर ज्वेलर्स लूटकांड: DIG व एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, थानाध्यक्ष निलंबित

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

सोनारपट्टी स्थित अरुण ज्वेलर्स में हथियार के बल पर लूट के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

• दो बाइक पर आए चार अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम
• DIG सारण व एसपी सिवान ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण
• अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही SIT
• लापरवाही पर बसंतपुर थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से किया निलंबित

सिवान : जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के सोनारपट्टी मस्जिद के समीप स्थित अरुण ज्वेलर्स में हुई लूट की घटना को लेकर पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। सोमवार को करीब तीन बजे मिली सूचना के बाद दो मोटरसाइकिल पर सवार चार अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर दुकान में लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) सारण क्षेत्र छपरा तथा पुलिस अधीक्षक सिवान मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महाराजगंज तथा बसंतपुर थाना पुलिस भी मौजूद रही।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अपराधियों ने दुकान की तिजोरी से कुछ आभूषण, चांदी के बर्तन तथा नकद राशि लूट ली है। लूटे गए सामानों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना के शीघ्र उद्भेदन और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महाराजगंज के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। गठित टीम आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
इस मामले में बसंतपुर थाना में कांड दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सिवान ने बसंतपुर थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर