Explore

Search

March 10, 2026 3:09 am

सिवान : चार बड़ी अग्निशमन गाड़ियों के भरोसे जिले की 40 लाख आबादी

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

गर्मी बढ़ते ही अगलगी की घटनाओं का खतरा, संसाधनों की कमी चिंता का विषय

• सदर और महाराजगंज अनुमंडल में सिर्फ चार बड़ी दमकल गाड़ियां
• 12 छोटी गाड़ियां मौजूद, लेकिन क्षमता सीमित
• जिले में कुल 83 अग्निशमन पदाधिकारी व कर्मी तैनात
• वर्ष 2025 में जिले में 185 अग्निकांड की घटनाएं दर्ज

सिवान : गर्मी की आहट के साथ ही जिले में अगलगी की घटनाओं का खतरा बढ़ने लगा है। ऐसे में अग्निशमन विभाग अपनी तैयारियों का दावा तो कर रहा है, लेकिन संसाधनों की सीमित उपलब्धता चिंता का विषय बनी हुई है। जिले की करीब 40 लाख आबादी की सुरक्षा के लिए सदर और महाराजगंज अनुमंडल में मात्र चार बड़ी अग्निशमन गाड़ियां ही उपलब्ध हैं।
इसके अलावा विभाग को 12 छोटी दमकल गाड़ियां भी मिली हैं, लेकिन उनकी क्षमता कम होने के कारण कई बार आग पूरी तरह काबू में आने से पहले ही पानी समाप्त हो जाता है। इस कारण कई बार अग्निशमन विभाग को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में जनवरी से दिसंबर तक जिले में कुल 185 अग्निकांड की घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें सिवान अनुमंडल में 116 और महाराजगंज अनुमंडल में 69 मामले शामिल हैं।
83 कर्मियों के भरोसे विभाग
जानकारी के अनुसार जिले में अग्निशमन विभाग में कुल 83 पदाधिकारी व कर्मी कार्यरत हैं। इनमें एक फायर स्टेशन ऑफिसर, दो सब ऑफिसर, 22 अग्निशमन चालक, चार प्रधान अग्निक और 57 अग्निक शामिल हैं। जिला मुख्यालय में पानी भरने के लिए केवल एक ही वाटर प्वाइंट उपलब्ध है। अन्य क्षेत्रों में वाहनों के टैंकर में मोटर के माध्यम से पानी भरा जाता है।
लोगों को जागरूक करने के लिए मॉक ड्रिल
अग्निशमन विभाग की ओर से जिले में लगातार मॉक ड्रिल भी आयोजित की जा रही है। विभाग के कर्मी स्कूल, कॉलेज, रेलवे स्टेशन, थाना और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर मॉक ड्रिल कर लोगों को आग से बचाव और सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रहे हैं। वर्ष 2025 में जिले में कुल 6238 मॉक ड्रिल और 342 ऑडिट किए गए।
इन स्थानों पर तैनात हैं अग्निशमन वाहन
अनुमंडल अग्निशामालय सिवान में वाटर बाउजर, वाटर टेंडर और मिस्ट टेक्नोलॉजी वाहन उपलब्ध हैं। वहीं मिस्ट टेक्नोलॉजी की गाड़ियां जामो, आंदर, रघुनाथपुर, जीरादेई, मैरवा, दरौली, नौतन, जीबी नगर, पचरूखी, बसंतपुर और दरौंदा थानों में तैनात हैं।
अनुमंडल अग्निशामालय महाराजगंज में दो वाटर टेंडर उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से क्षेत्र में अग्निशमन सेवाएं संचालित की जाती हैं।
जिला मुख्यालय में अग्निशामालय का भवन
जिले में अग्निशामालय का अपना भवन जिला मुख्यालय में स्थित है। अनुमंडल अग्निशामालय सिवान पुलिस लाइन परिसर में संचालित हो रहा है। वहीं अनुमंडल अग्निशामालय महाराजगंज का भवन ब्लॉक परिसर में बनाने के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है और प्रक्रिया जारी है।
हाइड्रेंट की उपलब्धता
जिले में विभिन्न विभागों के कुल कई हाइड्रेंट मौजूद हैं। इनमें विभागीय हाइड्रेंट एक, पीएचईडी के 93, लघु जल संसाधन विभाग के 75, निजी हाइड्रेंट 25, बीयूडीसीओ के छह, पंचायती राज विभाग के 85, नगर विकास विभाग के छह और अन्य जलस्रोत 37 शामिल हैं।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
आपात स्थिति में लोग सिवान सदर के लिए 7485806102, 7485806103, 9031604831, 9031604832, 101, 06154-24503 तथा महाराजगंज के लिए 7485806104, 7485806105, 9031604833, 9031604834, 101, 06153-242101 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर