✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
दिनदहाड़े वारदात से बसंतपुर में हड़कंप
• छह हथियारबंद बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
• करीब 16-17 किलो चांदी के गहने लूटकर फरार
• आक्रोशित व्यवसायियों ने एनएच-227ए जाम कर किया प्रदर्शन
• सूचना पर पहुंचे एसपी पूरन कुमार झा, जांच में जुटी पुलिस
बसंतपुर (सिवान) : बसंतपुर मुख्यालय स्थित थाना परिसर और मस्जिद के समीप स्थित अरुण ज्वेलर्स दुकान से सोमवार को हथियार के बल पर बदमाशों ने करीब 45 लाख रुपये से अधिक के चांदी के आभूषण लूट लिए और फरार हो गए। इस घटना को छह हथियारबंद बदमाशों ने अंजाम दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना से आक्रोशित व्यवसायियों ने सब्जी मंडी के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 227ए को जाम कर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद आक्रोशित व्यवसायियों ने अपनी-अपनी दुकानों को बंद कर दिया और विरोध जताया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा तथा महाराजगंज एसडीपीओ अमन मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कई बिंदुओं पर जांच की तथा पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों के आश्वासन के बाद आक्रोशित व्यवसायी शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
दुकानदार अरविंद सोनी ने बताया कि घटना के समय उनके पिता छोटेलाल प्रसाद दुकान पर मौजूद थे। पहले दो बदमाश दुकान में आए और उनके पिता से बातचीत करने लगे। कुछ देर बाद दो अन्य बदमाश दुकान के अंदर पहुंचे और हथियार दिखाकर लूटपाट शुरू कर दी, जबकि उनके चार साथी बाहर खड़े थे।
दुकान में करीब 16 से 17 किलोग्राम चांदी के गहने रखे हुए थे। बदमाश सभी गहनों को लूटकर बाइक से मस्जिद के रास्ते फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

