Explore

Search

March 8, 2026 5:29 am

सिवान : हिरासत से अभियुक्त फरार मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लापरवाही पर पुलिस पदाधिकारी निलंबित

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

सराय थाना से भागा पपौर गोलीकांड का मुख्य आरोपित, दो गृहक्षकों पर भी अनुबंध निरस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित

• पुलिस हिरासत से फरार मामले में दरोगा को किया गया निलंबित।
• दो गृहक्षकों के अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई प्रस्तावित।
• पपौर गोलीकांड का मुख्य आरोपित बबलू तिवारी थाना से फरार।
• गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम की लगातार छापेमारी जारी।
सिवान: जिले के सराय थाना से पुलिस हिरासत में बंद एक अभियुक्त के फरार होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पुलिस पदाधिकारी को निलंबित कर दिया है, जबकि ड्यूटी पर तैनात दो गृहक्षकों के अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार सराय थाना कांड संख्या–80/26, दिनांक 6 मार्च 2026 में पपौर गांव निवासी बबलू तिवारी को गोलीकांड मामले में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे सराय थाना की हाजत में रखा गया था और शनिवार को कागजी प्रक्रिया पूरी कर उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही थी।
बताया जाता है कि इसी दौरान अभियुक्त ने शौचालय जाने की बात कही। उसे बिना हथकड़ी लगाए थाना परिसर के शौचालय ले जाया गया। शौचालय से बाहर निकलने के बाद उसने मौके का फायदा उठाते हुए संतरी को धक्का दिया और थाना परिसर की दीवार फांदकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा सराय थाना पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। एसपी ने थानाध्यक्ष से घटना की विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार ड्यूटी के दौरान घोर लापरवाही, कर्तव्य के प्रति उदासीनता और अनुशासनहीनता पाए जाने पर सराय थाना में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र सिवान निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा ड्यूटी पर तैनात गृहक्षक रविशंकर राय और विनोद सिंह के विरुद्ध भी अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई के लिए जिला पदाधिकारी को प्रतिवेदन भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर