Explore

Search

March 8, 2026 5:27 am

सिवान : जय जय श्रीराम व हर हर महादेव के नारों से गुंजायमान हुआ शहर

• श्रीराम कथा के उपलक्ष्य में निकाली गई भव्य कलश यात्रा
• मातृ शक्ति ने सिर पर कलश लेकर श्रद्धा और उत्साह से लिया भाग
• शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरने पर श्रद्धालुओं ने की पुष्प वर्षा
• रविवार से वीएम इंटर कॉलेज में पूज्य राजन महाराज करेंगे श्रीराम कथा

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

जय श्रीराम और हर-हर महादेव के नारों से गूंजा नगर
सिवान : श्रीराम कथा के प्रसंग में शनिवार को शहर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस कलश यात्रा में नगर की मातृ शक्ति ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। महिलाओं के सिर पर कलश और मन में भगवान राम के प्रति आस्था स्पष्ट झलक रही थी।
कलश यात्रा शहर के तरवारा मोड़ से प्रारंभ होकर बबुनिया मोड़, जेपी चौक और मालवीय चौक होते हुए आगे बढ़ी। यात्रा जहां-जहां से गुजरी, वहां नगरवासियों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इस दौरान जय श्रीराम और हर-हर महादेव के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।
यात्रा में वेद विद्यालय के बटुक, भगवान राम दरबार की झांकी, पौराणिक महत्व वाली पंगनूर गाय, इस्कॉन की कीर्तन मंडली तथा मुखौटा कलाकारों ने आकर्षण का केंद्र बनाया। इसके साथ ही भरौली मठ के महंत स्वामी राम नारायण दास और श्रीराम कथा के अध्यक्ष भी उपस्थित रहे। वहीं अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पूज्य राजन महाराज की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।
कलश यात्रा के दौरान महिलाएं विशेष रूप से उत्साहित दिखाई दीं। इस्कॉन की कीर्तन मंडली ने भजन-कीर्तन के माध्यम से सांस्कृतिक वातावरण को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया।
कलश यात्रा वीएम इंटर कॉलेज के प्रांगण में पहुंचकर संपन्न हुई, जहां सभी कलशों को कथा स्थल पर स्थापित किया गया। बताया गया कि नौ दिवसीय कथा के समापन के बाद ये कलश पुनः मातृ शक्ति को प्रदान किए जाएंगे।
रविवार से वीएम इंटर कॉलेज के प्रांगण में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पूज्य राजन महाराज के श्रीमुख से संगीतमय, लालित्यपूर्ण और रसमयी श्रीराम कथा का वाचन प्रतिदिन संध्या साढ़े चार बजे से रात्रि आठ बजे तक किया जाएगा।
श्रीराम कथा आयोजन समिति के संरक्षक डॉ. रामेश्वर कुमार, डॉ. राम इकबाल गुप्ता, अध्यक्ष डॉ. राजन कल्याण सिंह, स्वागताध्यक्ष डॉ. शरद चौधरी तथा संयोजक डॉ. रूपेश कुमार ने कलश यात्रा में सहभागिता निभाने वाले श्रद्धालुओं, नगरवासियों, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के प्रति सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर