Explore

Search

March 8, 2026 5:36 am

जीरादेई : पुलिस गश्ती गाड़ी में पिकअप की टक्कर, सब इंस्पेक्टर सहित तीन घायल

• जीरादेई थाना क्षेत्र के खरगी रामपुर तिराहे के पास देर रात हादसा
• तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से मारी टक्कर, पलटी पुलिस की गाड़ी
• सब इंस्पेक्टर, चालक व होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल
• टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
मध्यरात्रि गश्त के दौरान हुआ हादसा, एसपी ने घटनास्थल पहुंचकर ली जानकारी
सिवान : जीरादेई थाना क्षेत्र के खरगी रामपुर गांव के समीप शुक्रवार की मध्यरात्रि करीब साढ़े बारह बजे पुलिस गश्ती दल की गाड़ी में तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस की गाड़ी सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
इस हादसे में सब इंस्पेक्टर सहित तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक जवान बाल-बाल बच गया। घायलों की पहचान पूर्वी चंपारण के अमुआ निवासी राम निवास जायसवाल के पुत्र व जीरादेई थाना के सब इंस्पेक्टर विवेक कुमार, चालक सुरेश कुमार तथा गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के काला डुमरा गांव निवासी गृह रक्षक बल के जवान अशोक कुमार सिंह के रूप में हुई है। वहीं गाड़ी में सवार एक अन्य जवान नंदलाल आंशिक रूप से घायल हुआ।
जानकारी के अनुसार जीरादेई थाना क्षेत्र के खरगी रामपुर गांव के समीप तिराहे पर गश्ती दल की गाड़ी खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक पिकअप वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पुलिस की गाड़ी पलट गई और चालक पिकअप वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर जीरादेई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल सब इंस्पेक्टर विवेक कुमार ने बताया कि वे लोग रात में गश्त के दौरान खरगी रामपुर तिराहे पर गाड़ी खड़ी कर चौकसी कर रहे थे। तभी पीछे से तेज गति में आए पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी।
हादसे के बाद उन्होंने किसी तरह गाड़ी से बाहर निकलकर चालक और अन्य जवान को भी बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया पिकअप चालक की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर