• पुलिस लाइन स्थित प्रशिक्षण केंद्र में चल रहा है बुनियादी प्रशिक्षण
• प्रशिक्षु सिपाहियों को कराया गया पीटी और आठ किलोमीटर दौड़ का अभ्यास
• कानून-व्यवस्था, गिरफ्तारी और जांच प्रक्रिया की दी जा रही जानकारी
• एसपी ने कहा—कठोर प्रशिक्षण से बढ़ेगी जवानों की फिटनेस और क्षमता
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने पर दिया जा रहा जोर
सिवान : पुलिस लाइन स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षु सिपाहियों का बुनियादी प्रशिक्षण जारी है। इसी क्रम में शनिवार को प्रशिक्षु सिपाहियों ने आठ किलोमीटर की दौड़ सफलतापूर्वक पूरी की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत शनिवार को प्रशिक्षुओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त एवं अनुशासित बनाने के उद्देश्य से पीटी और दौड़ का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रशिक्षु सिपाहियों को विभिन्न प्रकार की जानकारियां भी दी गईं, जिससे वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन प्रभावी ढंग से कर सकें।
प्रशिक्षण के दौरान सिपाहियों को कानून और व्यवस्था बनाए रखने से संबंधित विषयों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही भारतीय दंड संहिता, आपराधिक प्रक्रिया संहिता तथा अन्य संबंधित कानूनों के बारे में भी प्रशिक्षुओं को अवगत कराया गया।
इसके अलावा पुलिस प्रक्रिया, गिरफ्तारी, तलाशी और जांच से जुड़ी प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षु सिपाहियों को संचार कौशल और व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि कठोर प्रशिक्षण के दौरान जवानों ने उत्साह, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है। नियमित शारीरिक अभ्यास और दौड़ से प्रशिक्षु सिपाहियों की सहनशक्ति, फिटनेस और मानसिक मजबूती का विकास किया जा रहा है, जिससे वे भविष्य में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभा सकें।