✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सिसवन थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई, ट्रक व तीन टायर समेत सामान बरामद
सिवान: सिसवन थाना क्षेत्र में जब्त ट्रक से टायर चोरी करने की कोशिश कर रहे तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से ट्रक के टायर और अन्य सामान भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पांच मार्च को सिसवन थाना को सूचना मिली कि सिसवन अंचल कार्यालय परिसर में जब्त बालू लदे ट्रक से कुछ लोग चक्का खोलकर टायर निकाल रहे हैं और उसे दूसरे ट्रक में लादकर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सिसवन थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सरौत निवासी धनंजय कुमार, पिता ओम प्रकाश प्रसाद तथा सूरज प्रसाद, पिता नंदकिशोर प्रसाद के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर तीसरे आरोपित सोनू कुमार पंडित, पिता सुदीश पंडित, निवासी सरौत को सिसवन–सिवान मुख्य सड़क से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल पर खड़े ट्रक के डाले से एक रिंग लगा टायर बरामद किया। वहीं गिरफ्तार आरोपी सोनू कुमार पंडित की निशानदेही पर अंचल कार्यालय के पीछे झाड़ियों से दो रिंग लगे टायर और एक रिंग बरामद की गई।
इस मामले में सिसवन थाना में तीनों आरोपितों के विरुद्ध कांड दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

